सोनभद्र। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के करवनिया गांव में शुक्रवार की सुबह नौ बजे सगे भाइयों में हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। जिसमें एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि करवनिया गांव निवासी रामदुलारे बिंद (65) धंधरौल बंधे में मिले पट्टे वाली जमीन पर पहुंचे। तभी उनके सगे भाई विजेंद्र भी वहां आ धमके और उक्त पट्टे की जमीन को अपनी जमीन बताते हुए विवाद करने लगे। पता चलते ही रामदुलारे के लड़के वहां पहुंच गए और मामले को शांत कराया। रामदुलारे घर की ओर लौटने लगे। गांव में पहुंचते ही विजेंद्र ने अपने बड़े भाई पर अपने पुत्रों के साथ मिलकर लाठी डंडे से पिटाई कर दी। तब तक पीछे से पत्नी लाची देवी और पुत्र मुन्ना भी पहुंच गए, उन्हें भी विजेंद्र और उनके पुत्रों ने लाठी-डंडों से पीटा। रामदुलारे के सिर व मुंह में गंभीर चोट आई है। तत्काल परिजनों ने घायल पिता को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चतरा ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रामपुर बरकोनिया थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।