पन्नूगंज थाना क्षेत्र के पचोखर गांव में खेत के मेड़ की जुताई के विवाद में सगे भाइयों में मारपीट हो गई। मारपीट में दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया। उनके पुत्र ने वहां से भागकर किसी तरह खुद को बचाया।
पचोखर गांव निवासी सनेही गोंड़ व जगदीश गोंड़ सगे भाई हैं। शनिवार को जगदीश ने अपने खेत में धान का बीज डालने के लिए ट्रैक्टर से जोताई की थी। रविवार को सनेही ने अपने खेत की मेड़ तक बढ़कर जोताई करने का आरोप लगाया। इसे लेकर दोनों में गाली-गलौज होने लगा, जो मारपीट में तब्दील हो गया। मारपीट में जगदीश (55) के हाथ पैर और सिर में चोट आई है। उसकी पत्नी भी घायल हुई है। वहीं पुत्र नगीना अपनी जान बचाकर भाग खड़ा हुआ। दंपती का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। पन्नूगंज प्रभारी निरीक्षक अभिनव वर्मा ने बताया कि मारपीट का मामला प्रकाश में आया हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तक किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।