यूपी के बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री कैलाश चौरसिया से राबर्ट्सगंज के सिंचाई विभाग डाक बंगले में सोमवार को मिलने पहुंची आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इंतजार कराने पर भड़क गईं।
उन्होंने विरोध में प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। करीब आधे घंटे बाद बाहर निकले मंत्री को कार्यकर्ताओं ने छह सूत्री मांग पत्र सौंपा और जिला कार्यक्रम अधिकारी को हटाने की मांग की। मंत्री ने कार्यकर्ताओं को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बाल विकास एवं पुष्टाहार राज्य मंत्री कैलाश चौरसिया प्रदेश के मुख्यमंत्री के 31 मार्च को अनपरा में होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को जिले में आए।
वे यहां दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे सिंचाई डाकबंगले में पहुंचे। इसकी जानकारी मिलने पर काफी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पहुंच गईं। कार्यकर्ताओं ने उनसे मिलने के लिए संदेश कहलवाया।
लेकिन मंत्री की सुरक्षा में तैनात जवानों ने कह दिया कि वे आधा घंटा बाद ही उन्हें मंत्री से मिलवा सकेंगे। इस पर कार्यकर्ताएं भड़क गईं। उन्होंने डाक बंगले के पास ही प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जब नारेबाजी की गूंज मंत्री के कानों तक पहुंची तो उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल मिलने के लिए बुलाया।
शिकायत में आंगनबाड़ी ने बताया कि नगवां और म्योरपुर ब्लाक में तैनात कार्यकर्ताओं का जनवरी 2011 से अप्रैल 2012 तक का मानदेय नहीं मिला है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मंत्री से जिला कार्यक्रम अधिकारी की भी शिकायत की। आरोप लगाया कि कार्यक्रम अधिकारी उत्पीड़न कर रही हैं। चेताया कि यदि डीपीओ को नहीं हटाया गया तो वे कामकाज ठप कर देंगी। इस दौरान प्रतिमा, मंजू, आशा, चंद्रावती, निशा, उषा, रंजना चौबे, मनोरमा, शांति रिंकी मौजूद रहीं।