एसजीएफआई नेशनल गेम्स में सम्मानित- रवि सिंह। स्रोत स्वयं
रेणुकूट। सोनभद्र के ताइक्वांडो खिलाड़ी और राष्ट्रीय रेफरी रवि सिंह को 70वें नेशनल स्कूल गेम्स (एसजीएफआई) 2026 में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेणुकूट के बॉयलर एवं को-जनरेशन विभाग में कार्यरत रवि सिंह ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रेफरी और तकनीकी अधिकारी की जिम्मेदारी निभाई। जम्मू-कश्मीर सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग की महानिदेशक अनुराधा गुप्ता ने उन्हें मोमेंटो देकर सम्मानित किया। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में ताइक्वांडो प्रतियोगिता 22 से 26 अक्तूबर तक गांदरबल, श्रीनगर में आयोजित की गई। इसमें अंडर-17 बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान रवि सिंह ने रेफरी और तकनीकी अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभाई। रवि सिंह ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अंतरराष्ट्रीय रेफरी अतुल पंगोत्रा, मास्टर विनोद और अपने माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि पिता के सपनों और आशीर्वाद से उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। देश, प्रदेश और अपनी कंपनी का नाम रोशन करना उनका लक्ष्य है। रवि सिंह की इस उपलब्धि से रेणुकूट और सोनभद्र में खेल जगत से जुड़े लोगों में खुशी है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।