डॉ. अंबेडकर सरस्वती विद्या मंदिर इंटरकॉलेज में प्रांतीय संस्कृति महोत्सव एवं वैदिक गणित मेला मे
अनपरा। विद्या भारती की ओर से आयोजित प्रांतीय संस्कृति महोत्सव एवं वैदिक गणित मेले का शुभारंभ मंगलवार को अनपरा तापीय परियोजना के आवासीय परिसर स्थित डॉ. आंबेडकर सरस्वती विद्या मंदिर के प्रांगण में हुआ। मुख्य अतिथि अनपरा तापीय परियोजना के महाप्रबंधक (प्रशासन) एसएन मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। विशिष्ट अतिथि काशी प्रांत के प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी ने कहा कि किताबी शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में भी निपुण होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विज्ञान के कई आविष्कार भारत के विद्वानों ने बहुत पहले ही कर लिए थे। इसका प्रमाण इतिहास में मिलता है, लेकिन भारतीय इतिहास को दबाकर विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान तक सीमित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भारत हर क्षेत्र में आगे रहा है। पहले गुरुकुलों में प्रकृति के बीच शिक्षा दी जाती थी, जबकि अब बंद कमरों में पढ़ाई होती है। विद्या भारती की ओर से आयोजित ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। विद्यालय के मीडिया प्रभारी अशोक सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में काशी प्रांत के नौ संकुलों के अंतर्गत 12 जिलों के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। महोत्सव में लोकनृत्य, वैदिक गणित, गणित प्रदर्शनी और प्रश्न वाचन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक डॉ. आरएन सिंह, कार्यकारिणी अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष सतीश वर्मा, प्रांतीय योग प्रमुख राजीव कुमार, प्रांतीय वैदिक गणित प्रमुख अवधेश मिश्रा, संस्कृति बोध परियोजना के प्रांत प्रमुख गिरिवर शंकर, प्रांत सेवा प्रमुख नरसिंह नारायण, डॉ. आंबेडकर सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य बलवंत सिंह, डॉ. आंबेडकर सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य सुरेंद्र द्विवेदी तथा अनपरा तापीय परियोजना के अधीक्षण अभियंता चंद्रमा प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।