पथ संचलन करते आरएसएस कार्यकर्ता
- फोटो : Amar Ujala
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने रॉबर्ट्सगंज नगर स्थित रामलीला मैदान में रविवार को वर्ष प्रतिपदा उत्सव मनाया। इसके बाद नगर में पथ संचलन किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में संघ के स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में राष्ट्रीय स्वयं संघ के संस्थापक डॉ.हेडगेवार को नमन किए। कार्यक्रम में मंचासीन जिला संघचालक हर्ष अग्रवाल, नगर संघ चालक सुरेश केसरी रहे।
सर्वप्रथम भारत माता,डॉ.हेडगेवार के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए एकल गीत व अमृतबचन से कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। बौद्धिक उद्बोधन में जिला संघ चालक हर्ष अग्रवाल ने बताया कि आद्य सरसंघचालक प्रणाम करने के लिए प्रत्येक स्वयंसेवक प्रतिवर्ष इंतजार करते हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भारतीय नववर्ष को वर्ष प्रतिपदा उत्सव के रूप में मनाता है।
इसी दिन संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती भी मनाई जाती है। अंग्रेजी कैलेंडर के हिसाब से उनका जन्म एक अप्रैल, 1889 को हुआ था। पर संघ भारतीय पंचांग के हिसाब से चलता है और उसके अनुसार डॉ. हेडगेवार का जन्म वर्ष प्रतिपदा के दिन हुआ था। वर्ष प्रतिपदा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का पहला उत्सव है।
काफी विचार के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने परम पवित्र भगवा ध्वज को गुरू माना है। संचालन जिला कार्यवाह बृजेश सिंह ने किया। संघ प्रार्थना के बाद पूर्व गणवेश में उपस्थित स्वयंसेवक नगर में पथ संचलन निकाले। संचलन का प्रारंभ रामलीला मैदान से होते हुए स्वर्णजयंती चौराहा, सिविल लाइन, कचहरी, हाइडील मैदान, महिला थाना होते हुए नगर भ्रमण करके पथ संचलन का विश्राम रामलीला मैदान में हुआ।