सोनभद्र। जिले से होकर गुजरने वाली रांची-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के परिचालन की अवधि बढ़ा दी गई है। अब यह ट्रेन 28 दिसंबर तक संचालित की जाएगी।
धनबाद मंडल के वरीय जनसंपर्क अधिकारी मोहम्मद इकबाल ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि यात्रियों की सुविधा एवं उनके सुगम आवागमन के लिए अजमेर-रांची-अजमेर स्पेशल ट्रेन के परिचालन अवधि बढ़ाए जाने का निर्णय लिया गया है। बताया कि गाड़ी संख्या 09619 अजमेर-रांची स्पेशल पांच दिसंबर से 26 दिसंबर तक संचालित की जाएगी।
वहीं गाड़ी संख्या 09620 रांची- अजमेर स्पेशल का सात दिसंबर से 28 दिसंबर तक परिचालन किया जाएगा। स्पेशल ट्रेनों का समय और ठहराव मौजूदा समय के समान होगा। बता दें कि साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का ठहराव जिले के रेणुकूट, चोपन और ओबरा डैम रेलवे स्टेशन पर होता है। स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ने से सोनभद्र जिले के यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।