अवधूत भगवान राम पीजी कालेज में रविवार को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया।
मुख्य प्रबंध समिति के सचिव डा. चंद्रभूषण शुक्ल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने रैली निकाल कर ग्रामीणों को मतदान के प्रति जागरूक किया।
अध्यक्षता कर रहीं प्राचार्य डा. पूनम सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को उनके कर्तव्य का बोध कराते हुए मतदाता जागरूकता और युवाओं की मतदान की भूमिका विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इसके बाद लोगों को मतदान के लिए जागरूक करने के लिए रैली निकाली गई। महाविद्यालय से निकली रैली बिछड़ी गांव, औड़ी मोड़ से होते हुए वापस महाविद्यालय परिसर में आकर समाप्त हुई।
इस दौरान स्वयंसेवकों ने औड़ी चौराहे पर सुभाष प्रतिमा के पास मानव शृंखला बनाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। कहा कि यह हमारा अधिकार है।
इसके लिए हम सही सरकार चुनकर खुद और देश की तरक्की का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं। कार्यक्रम अधिकारी डा. प्रदीप ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
घोरावल संवाददाता के अनुसार, राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर मतदान की अनिवार्यता एवं उपादेयता विषयक संगोष्ठी का आयोजन रविवार को नन्हकूराम महाविद्यालय पड़री खुर्द में हुआ।
इसमें लोगों को मतदान की अनिवार्यता की शपथ दिलाई गई। इस दौरान वक्ताओं ने संविधान की मूल भावना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को रेखांकित करते हुए प्रत्येक चुनाव में मतदान को अनिवार्य बताया और कहा कि अपने मत को अभिव्यक्त करने का सबसे सशक्त और सर्वश्रेष्ठ माध्यम मतदान है।
वक्ताओं ने जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर उठकर बगैर किसी भेदभाव के स्वतंत्र रूप से मतदान करने की उपस्थित लोगों से अपील की।
भारत के भविष्य वयस्क छात्र-छात्राओं की आजादी के इस महाभियान में शत-प्रतिशत सहभागिता का भी आह्वान किया। महाविद्यालय के प्रबधंक राजबली चौबे ने छात्र-छात्राओं को अनिवार्य मतदान की शपथ दिलाई।
संगोष्ठी की अध्यक्षता रामजनम पांडेय और संचालन शिवनारायण सिंह ने किया। इस दौरान बीएलओ सरिता देवी, सीता देवी, राधा देवी ने लोगों को वोटर आईडी वितरित किया।
दुद्धी प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय तहसील से रविवार को मतदाता जागरूकता रैली तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह, नायब तहसीलदार पवन सिंह के नेतृत्व में निकाला गया।
उधर, बैरखड़ गांव में बीएचयू के छात्रों ने जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने लोगों को मतदान के प्रति सचेत करते हुए उन्हें मतदान की अहमियत से रूबरू कराया।
इस दौरान ग्राम प्रधान इस्लाहुद्दीन, उदय पाल के साथ ही काफी संख्या में जागरूक ग्रामीणों ने मौजूदगी दर्ज कराई।