नगवां ब्लाक अंतर्गत लोहिया समग्र गांव रायपुर के ग्रामीणों ने मंगलवार को पंचायत भवन के समक्ष सेक्रेटरी और पंचायत मित्र के विरूद्ध विरोध-प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
कहा कि ग्राम प्रधान के बाहर रहने की वजह से ये लोग मनमाने ढंग से चहेतों को लाभ पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों ने विकास कार्यों में गड़बड़ी का भी आरोप लगाया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों धीरज, रामजनम और सरस्वती ने कहा कि लोहिया गांव होने के बावजूद यहां पर आवास, पेंशन, शौचालय और अन्य विकास कार्यों में भारी पैमाने पर गड़बड़ी की गई है।
सिर्फ सेक्रेटरी और पंचायत मित्र की ओर से चहेतों को लाभ दिया गया है। लीला देवी, नंदू और रविंद्र ने कहा कि ग्राम पंचायत की सिर्फ एक बार वर्ष 2011 में खुली बैठक हुई है।
उसके बाद से आज तक बैठक नहीं हुई सिर्फ मनमाने ढंग से कागजों पर बैठक दिखाकर कोरमपूर्ति की जा रही है, क्योंकि ग्राम प्रधान बाहर रहते हैं।
अमरलाल, रामसखी और मुन्नालाल ने कहा कि ग्राम प्रधान की गैरमौजूदगी में पंचायत मित्र के जरिए फर्जी मुहर और हस्ताक्षर किया जाता है। अगर इसकी उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तो सारी सच्चाई और घोटाला उजागर हो जाएगा।
ग्रामीणों ने डीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए ग्राम पंचायत के विकास कार्यों की जांच कराए जाने की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में माला देवी, गीता देवी, सुदर्शन, संतोष, राजकुमार, चंद्रफुला, मेहक बानो शामिल रहीं।
उधर ग्राम प्रधान सुरेंद्र बहादुर सिंह ने दूरभाष पर हुई बातचीत में कहा कि चुनावी रंजिश के चलते ऐसा आरोप लगाया जा रहा है।