पिपरी विद्युत वितरण खंड ने लाखों का विद्युत बिल बकाया बताते हुए अनपरा संयुक्त चिकित्सालय, म्योरपुर और चोपन सीएचसी की बत्ती गुल कर दी है। इससे गुरुवार से शुरू हुए सात दिनी इंद्रधनुष अभियान के लिए भंडारण की गई वैक्सीन को सुरक्षित रखने के लिए एक निश्चित तापमान बनाए रखना चुनौती बन गया है।
2014 में बच्चों को डिप्थीरिया, काली खांसी, टिटनेस, पोलियो, टीवी, खसरा और हेपेटाइटिस बी बीमारी से बचाव के लिए टीकाकरण की मुहिम इंद्रधनुष की शुरुआत की गई है। इसी के तहत गुरुवार को जिले में सात दिवसीय टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई, लेकिन अनपरा-शक्तिनगर क्षेत्र के लिए वैक्सीन उपलब्ध कराने वाले अनपरा संयुक्त चिकित्सालय, म्योरपुर, बीजपुर क्षेेत्र के लिए वैक्सीन उपलब्ध कराने वाले म्योरपुर और चोपन, ओबरा, डाला, जुगैल अंचल के लिए चोपन सीएचसी में बकाए के चलते बिजली कटी होने से विशेषज्ञों की नींद उड़ गई है।
विद्युत वितरण खंड पिपरी के एक्सईएन इं. लक्ष्मीशंकर का कहना है कि बकाया जमा न करने पर अनपरा, म्योरपुर और चोपन की बिजली काटनी पड़ी है। सीएमओ डॉ. यूके वर्मा का कहना है कि भुगतान का आश्वासन दिया गया था, पर बिजली काट दी गई है। अधीक्षक सीएचसी चोपन वाई प्रसाद ने बताया कि जनरेटर चलाया जा रहा है लेकिन जो तापमान चाहिए, उसके लिए बिजली जरूरी है।