राबर्ट्सगंज नवीन सब्जी मंडी के समीप फ्लाईओवर के नीचे भरा बारिश का पानी।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिले में बुधवार को दोपहर में लगभग एक घंटे तेज बारिश हुई। बारिश होने से चार दिन से पड़ रही उमस से लोगों ने राहत महसूस की। बारिश से नगर में जगह-जगह सड़कों पर पानी जमा होने से आवागमन में लोगों को काफी दिक्कतें हुई। वहीं दूसरी तरफ धान की रोपाई में जुटे किसानों को बारिश से काफी राहत मिली। बता दें कि चार दिन से सूर्य की तल्ख किरणें और उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल थे। मंगलवार को सुबह बूंदाबांदी होने से कुछ राहत मिली थी। लेकिन उसके बाद तेज धूप निकलने से लोग उमस से बेहाल रहे। बुधवार को भी सुबह से उमस भरी गर्मी रही। दोपहर दो बजे के बाद आसमान में बादल छाने लगे और हल्की बूंदाबांदी के बाद तेज बारिश हुई। बारिश से राबट्र्सगंज नगर स्थित सब्जी मंडी के सामने, सिविल लाइंस रोड, धर्मशाला चौक जाने वाले मार्ग सहित अन्य मोहल्लों में पानी जमा हो गया। इससे लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उधर शिवशंकर, विश्वनाथ, अर्जुन, सुरेश, मदन आदि किसानों का कहना है कि बारिश नहीं होने से धान की रोपाई बाधित हो रही थी। बारिश से धान की रोपाई कर रहे किसानों को काफी राहत मिली है।