सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर श्रमिको को लेकर पहुंची ट्रेन निरीक्षण करते डीएम एस राजलिंगम और एसपी आशी?
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। नोएडा के दनकौर क्षेत्र से सोनभद्र के श्रमिकों और उनके परिवार को लेकर आई स्पेशल ट्रेन में यात्रियों को सुविधाएं दी गई थीं। यात्रियों ने बताया कि उन्हें मुफ्त में रेलवे का टिकट मिला था और ट्रेन चलने से पहले भोजन का पैकेट भी दिया गया था। स्पेेशल ट्रेन से आए घोरावल के विजय दीप ने बताया कि ट्रेन पर सवार होने से पहले ही उनकी थर्मल स्क्रीनिंग कराई गई थी। बीना निवासी किशन लाल ने बताया कि उन्हें दनकौर में रेलवे स्टेशन पर तीन घंटे पहले ही पहुंचा दिया गया था। हालांकि रास्ते में कोई दिक्कत नहीं थी। भोजन मिल गया था। उन्होंने स्टेशन से ही पानी बोतल में ले लिया था। बघाड़ू निवासी देवेंद्र कुमार ने बताया कि वे नोएडा में एक जापानी कंपनी में काम करते थे। वहां 22 मार्च से ही कंपनी बंद होने से घर में रह रहे थे। कंपनी अभी तक सेलरी दे रही थी इसलिए कोई दिक्कत नहीं हुई। दनकौर स्टेशन पर शाम पांच बजे खाना मिला था। सुपाचुआं म्योरपुर के नेहा गोस्वामी और उनके पति अनिल कुुमार गोस्वामी ने बताया कि जो भी सुविधाएं मिलीं वह दनकौर रेलवे स्टेशन पर ही मिलीं। ट्रेन में बैठने के बाद कोई सुविधा नहीं मिली। पूरी रात ट्रेन में गुजरी। हालांकि इस दौरान कोई परेशानी नहीं हुई। पकरी गांव के सनोज कुमार ने बताया कि दनकौर में शाम पांच बजे उन्हें स्टेशन पर लाया गया था। वहां स्क्रीनिंग के बाद भोजन दिया गया। फिर शाम को सात बजे ट्रेन वहां से चली। रास्ते में कोई दिक्कत नहीं हुई। रेलवे की ओरत्र् से टिकट मुफ्त दिया गया था।