शक्तिनगर। सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में व्यापारी और कर सलाहकार के छह ठिकानों पर जीएसटी विभाग और ईओडब्ल्यू की टीम ने एक साथ छापा मारा। जांच टीम को सिंगरौली ट्रेडर्स संचालक के पास से कई बोगस फर्म की जानकारी मिली है। इस कार्रवाई में सतना, रीवा और सिंगरौली की टीमें शामिल है।
ईओडब्ल्यू और जीएसटी के टीम को सिंगरौली ट्रेडर्स के खिलाफ बोगस कंपनियों के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट के नाम पर गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। इसके बाद मंगलवार दोपहर करीब एक बजे ईओडब्ल्यू और जीएसटी के अधिकारी पुलिस बल के साथ सिंगरौली ट्रेडर्स के संचालक साधु शरण की दुकान, गोदाम और कर सलाहकार अनिल कुमार शाह के दफ्तर में पहुंचे।
जांच टीम ने फर्म की पड़ताल की। सूत्र बताते हैं कि सिंगरौली ट्रेडर्स के संचालक साधु शरण का सिंगरौली के नौगढ़ इलाके में सीमेंट सरिया की एक फर्म है।
इसके अलावा एक आटा मिल का प्लांट, किसान सहायता केंद्र के नाम से खाद और बीज का भी बड़ा कारोबार है। इसी व्यापारी का टैक्स से संबंधित काम देखने वाले कर सलाहकार अनिल कुमार शाह के यहां पर भी छानबीन की।