म्योरपुर। देश का वर्तमान नेतृत्व ही चीन के संबंध में ठोस और सही निर्णय ले सकता है। सेना के लिए जिन संसाधनों की खरीद कभी नहीं हुई वह वर्तमान सरकार कर रही है। लड़ाकू विमान राफेल पर राहुल गांधी का झूठ पूरा देश जानता है। 1998 से शुरू हुई राफेल की खरीद की प्रक्रिया नरेंद्र मोदी सरकार में की जा सकी। राफेल 27 जुलाई को देश को मिलने जा रहा है। ये बातें भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री ने सोमवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य चांद प्रकाश जैन के आवास पर बातचीत के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि चीन ने 2005, 2007, 2009 और 2011 में भी अतिक्रमण किया, लेकिन तत्कालीन सरकारों ने कुछ नहीं किया। 2018 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सरकार ने दोकलाम में जोरदार जवाब दिया। उसके बाद चीन को गलवान में भी जवानों ने कायदे से जवाब दिया है। वर्तमान में चीनी सेना की भारतीय सेना के सामने आने की हिम्मत नहीं है। आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता को भ्रमित कर रही है। कहा कि वीरगति को प्राप्त हुए संतोष बाबू की पत्नी ने सेना को अपनी पलटन बताया है, जबकि राहुल गांधी को अपने पलटन पर शक है। उन्होंने आरोप लगाया कि असल में कांग्रेस और चीन के बीच एक समझौता हुआ था, जिसकी वजह से राहुल गांधी आज चीन का पक्ष लेते हैं और देश को बदनाम करने पर लगे हुए हैं। संगठन के संबंध में कहा कि कोई भी संगठन कार्यकर्ता के दम पर होता है। कार्यकर्ता का हर जगह सम्मान होना चाहिए। कोरोना के संबंध में कहना था कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हम सभी को वर्ष भर करना पड़ेगा। भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता के साथ उनकी धर्मपत्नी डॉ सुमन शास्त्री, डॉ संजय सोनकर के अलावा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य चांदप्रकाश जैन, मण्डल अध्यक्ष प्रभाकर गिरी, महामंत्री राम जायसवाल, सेक्टर संयोजक शंभू खरवार, शशिभूषण मल्ल आदि मौजूद रहे।