सिंगरौली। अवैध रेत खनन और परिवहन के मामले में कार्रवाई करने गई खनिज विभाग की टीम पर रविवार रात खनन माफिया के इशारे पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया। घटना में खनिज इंस्पेक्टर कपिल मुनि शुक्ला सहित कई कर्मचारी घायल हो गए। इंस्पेक्टर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के दौरान आरोपी रेत भरे दो ट्रैक्टर ट्राली भी छुड़ा ले गए। जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग की टीम देवसर इलाके में स्थित रेही रेत खदान का निरीक्षण करने गई थी। लौटते वक्त बरगवां थाने के राजा सरई (गड़ेरिया) इलाके के किसी व्यक्ति ने टीम को सूचना दी कि क्षेत्र में रेत का अवैध खनन व परिवहन किया जा रहा है। मौके पर पहुंची टीम ने दो ट्रैक्टरों में लोड रेत को पकड़ भी लिया, लेकिन इसी दौरान काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। आरोप है कि खननकर्ताओं के इशारे पर ग्रामीणों ने टीम पर हमला कर दिया। हमले में खनिज निरीक्षण कपिल मुनि शुक्ला के सिर व शरीर के कई हिस्से में गंभीर चोटें आईं। हमले में अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी घायल हुए। इसकी जानकारी प्रशासन को हुई तो हड़कंप मच गया। काफी संख्या में फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गई। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो गए थे। खनिज विभाग की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। सिंगरौली के खनिज अधिकारी एके राय ने बताया कि जिले में रेत का खनन बंद है। कहीं अवैध तरीके से खनन तो नहीं हो रहा है, यही जांच करने टीम निकली थी और घटना हो गई। कहा कि हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। घटना की जानकारी भी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।