शक्तिनगर। मंगलवार को कोरोना महामारी के खिलाफ पुलिस का रूख सख्त हो गया। यूपी एमपी बार्डर क्षेत्र दुद्धीचुआ का बैरिकेटिंग कर बिना वजह आने जाने वालों को पूरी तरह रोक दिया गया। इस बीच मप्र से यूपी में प्रवेश करने वाले 19 मजदूरों को पुलिस ने क्वारंटीन सेंटर बीना भेज दिया।मंगलवार सुबह से ही पुलिस ने सख्त रूख अख्तियार कर लिया। इसके बाद पड़ोसी राज्य मप्र से जुड़ने वाली सभी सीमाओं पर बैरिकेटिंग कर आने जाने वालों की सघन जांच शुरू कर दिया गया।
दुद्धीचुआ, तेलगवां, पेट्रोल पंप मोड़ के साथ राजकीय स्कूल के पास लगे पुलिस के अधिकारियों व जवानों ने सभी आने जाने वालों की जांच शुरू कर दिया। इससे बिना वजह भ्रमण करने वालों में खलबली मच गई। इसी दौरान मप्र के हिस्से से यूपी में प्रवेश करने वाले 19 कामगारों को पुलिस ने एनसीएल बीना क्षेत्र के एक स्कूल में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया। शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक अंजनी राय ने बताया कि सभी कामगार सोनभद्र के विभिन्न क्षेत्रों के रहवासी है। श्री राय का कहना था कि सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने व संदिग्धता वश सभी को क्वारंटीन सेंटर भेजना पड़ा।