ओबरा। पीजी कॉलेज के मुख्य द्वार पर चल रहा छात्रों का क्रमिक अनशन बारहवें दिन भी जारी रहा। शुक्रवार को अनशनरत छात्र नेताओं ने थाली- बर्तन पीटकर प्रदेश सरकार से अपनी मांगें पूरी किए जाने की गुहार लगाई। इस दौरान छात्र नेता राहुल कुमार पांडेय ने कहा कि जहां एक तरफ हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयत्न कर रहे हैं। वहीं बारह दिनों से अपनी जायज मांगों की पूर्ति के लिए अनशनरत छात्रों की अनदेखी की जा रही है। जब हमारी शिक्षण व्यवस्था ही ऐसी रहेगी तो भारत कैसे आत्मनिर्भर बनेगा। कहा कि हमारी मांग हैं कि छात्र संघ चुनाव की तिथि जल्द से जल्द घोषित की जाए। महाविद्यालय में ई-लाइब्रेरी की सुविधा जल्द शुरू की जाए। कई वर्षों से लंबित दीपशिखा पत्रिका का प्रकाशन जल्द कराया जाए। महाविद्यालय में खेल व्यवस्था को पुन: व्यवस्थित किया जाए और खेल मैदान का सुंदरीकरण हो। छात्रावास की कुशल मरम्मत और सुंदरीकरण कराया जाए। इस दौरान विकास पाठक, रितेश जायसवाल, धीरज पटेल, सुमित कुमार, आबिद खान, देवेंद्र कुमार, रितेश सिंह, शेरू पनिका, आदित्य कुमार, साहिल कुमार, अंकित गुप्ता आदि रहे।