राबर्ट्सगंज विकास नगर में प्रदर्शन करते लासेग।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र के विकास नगर कालोनी में आबादी के बीच मैटेरियल रिकवरी फैसल्टी (कूड़ा निस्तारण केंद्र) बनाये जाने से खफा लोगों ने शुक्रवार को जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने इसे अन्यत्र बनवाने की मांग की। चौधरी यशवंत सिंह ने कहा कि पालिका प्रशासन द्वारा आबादी के बीच कूड़ा निस्तारण केंद्र बना दिए जाने के बाद रहवासियों का रहना मुश्किल हो जाएगा। अधिवक्ता रामानंद सिंह ने कहा कि कूड़ा निस्तारण केंद्र बनाने के लिए मिट्टी गिराने का कार्य कुछ दिनों से शुरू हो गया है। सुरेन्द्र नाथ सिंह, बेचन सिंह, बृज किशोर सिंह, मंगला प्रसाद, दिलीप पाण्डेय, ओम प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि आबादी के बीच कूड़ा निस्तारण केंद्र नगर पालिका व नगर पंचायत क्षेत्र में नहीं बनाया जाता है। वक्ताओं ने कहा कि कालोनी के मध्य भविष्य मे कूड़ा जमा होने से लोगों को तमाम प्रकार की बीमारियों का सामना करना पड़ेगा। कहा कि शहर के बीच किसी भी दशा में कूड़ा निस्तारण केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा। इस दौरान विमला देवी, गीता देवी, सुरेन्द्र मिश्रा, चंदन शर्मा, अमित सिंह, अरुण सिंह, आकाश मिश्रा, महेंद्र जायसवाल, भानु, विनय कुशवाहा, विजय श्रीवास्तव, राजेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।