सोनभद्र। विद्यालयों में 19 अक्तूबर से कोरोना की गाइडलाइन का पालन करते हुए नौवीं से बारहवीं तक के बच्चों की पढ़ाई शुरू हो गई है। स्कूल खुले चार दिन हो गए लेकिन इन दिनों सिर्फ 30 प्रतिशत बच्चे ही स्कूल पहुंचे। दशहरा बाद सोमवार से स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ने का अनुमान है। स्कूलों में जाकर पढ़ाई कर रहे बच्चों का कहना है कि दो दिन की छुट्टी में घर में रहकर पढ़ाई करेंगे। राजा शारदा महेश इंटर कालेज राबर्ट्सगंज के छात्र शिवांशु चतुर्वेदी और निहारिका मिश्रा ने बताया कि वे अपने अभिभावक की अनुमति से विद्यालय आ रहे हैं। विमला इंटर कालेज की छात्रा अंजनी सिंह और छात्र चंदन कुमार ने कहा कि पूजा पर्व के मद्देनजर 24 और 25 को विद्यालय बंद रहेगा। 26 अक्तूबर से विद्यालय खुलेगा। छुट्टी में वे घर में रहकर पढ़ाई करने के साथ पूजा पाठ करेंगे। राजकीय बालिका इंटर कालेज राबर्ट्र्सगंज की छात्रा कृतिका पाठक और खुशबू ने कहा कि महामारी में सावधानी बरतते हुए विद्यालय पढ़ाई करने आते हैं। सोमवार से नियमित कालेज पढ़ाई करने के लिए आएंगे। कालेज की प्रधानाचार्या वंदना सिंह ने बताया कि दशहरा के मद्देनजर 24 अक्तूबर को विद्यालय बंद रहेगा। 25 अक्तूबर को दशहरा है। अब 26 अक्तूबर को कालेज खुलेगा। चार दिन कालेज खुलने पर करीब 30 प्रतिशत छात्राएं पढ़ाई करने के लिए आई। वहीं अब तक 50 प्रतिशत छात्राओं के अभिभावकों का सहमति पत्र मिल गया है। कुछ छात्राएं घर में रहकर ऑनलाइन पढ़ाई कर रही हैं। विमला इंटर कालेज के प्रधानाचार्य शिवनरायन लाल के मुताबिक कालेज कक्षा नौ से 12वीं तक के करीब 700 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। लगभग 250 बच्चों के अभिभावकों ने सहमति पत्र दे दिया है। दशहरा बाद विद्यालय खुलने पर छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ेगी। प्रशासन के गाइडलाइन के अनुसार विद्यालय का संचालन किया जा रहा है।