सोनभद्र। कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण में दिशा निर्देशों का समय से पालन न करने पर जिलाधिकारी ने सोमवार को सीएमओ को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। इसके अलावा कार्य में लापरवाही पर जिला परियोजना प्रबंधक राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन व जिला लेखा प्रबंधक का तत्काल प्रभाव से वेतन भी रोक दिया।
जिलाधिकारी ने ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने पर सीएमओ कार्यालय के फार्मासिस्ट का वहां से स्थानांतरण करने के लिए निर्देश भी दिया। जिलाधिकारी ने सोमवार को कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण के लिए कोविड अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान संक्रमण रोकने के लिए की गई व्यवस्था के अनुपालन में जानबूझकर लापरवाही करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को उन्होंने कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में सीएमओ को राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन की जिला परियोजना प्रबंधक व लेखा प्रबंधक का तत्काल प्रभाव से वेतन रोकने का निर्देश दिया। इनके अलावा ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में फार्मासिस्ट का अन्यत्र स्थानांतरण करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने सीएमओ को भी दिशानिर्देशों समयबद्ध तरीके से अनुपालन सुनिश्चित न करने पर नोटिस जारी कर जवाब तलब किया। साथ ही चेतावनी दी कि उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भी लिखा जाएगा।
बैठक में सीडीओ डा.अमित पाल शर्मा, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, सीएमओ डॉ.एसके उपाध्याय, सीएमएस डा.पीबी गौतम, डीपीआरओ विशाल सिंह मौजूद रहे।