उत्पादन निगम की अनपरा तापीय परियोजना की पहली और तीसरी इकाई में तकनीकी खराबी आ गई। दोनों इकाइयों से उत्पादन बंद हो गया। हालांकि अभियंताओं ने 24 घंटे के अंदर ही तीसरी इकाई की खराबी दूर कर उत्पादन शुरू करा दिया।
शनिवार की देर शाम 210 मेगावाट की तीसरी इकाई के आईडी फैन में खराबी आ गई थी। इस कारण इकाई से उत्पादन बंद कर दिया गया। रविवार की सुबह 210 मेगावाट की पहली इकाई में भी तकनीकी खराबी आ गई। इससे भी उत्पादन बंद होने से निगम प्रबंधन में खलबली मच गई। युद्धस्तर पर लगकर अभियंताओं ने तीसरी इकाई के आईडी फैन की समस्या को रविवार की देर शाम तक ठीक कर लिया।
इससे देर रात उत्पादन भी शुरू कर लिया गया। पहली इकाई की तकनीकी खराबी को ढूंढने में लगे हैं। होली के बाद प्रदेश के बिजली की अधिकतम मांग में भी डेढ़ हजार मेगावाट की बढ़ी है। रविवार को पीकअवार में सूबे में बिजली की अधिकतम मांग 19090 मेगावाट और न्यूनतम मांग 10218 मेगावाट पर रही।