ठगी पीड़ित जमाकर्ता एसोसिएशन का धरना मंगलवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान भुगतान करो या सत्ता छोड़ो का नारा लगाते हुए ठगी पीड़ितों ने कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला।
वक्ताओं ने कहा कि मुश्किल के दिनों के लिए लोग अपनी मेहनत की कमाई का एक हिस्सा बचाकर रखते हैं। इस धनराशि को कुछ कंपनियों में निवेश किया गया था। तब यह वादा किया गया था कि उन्हें निर्धारित समय सीमा के बाद दोगुनी धनराशि दी जाएगी, मगर अब तक उन्हें मूल पैसा भी नहीं मिला है।
जमा पूंजी को पाने के लिए लंबे आंदोलन के बाद संसद में कानून बना। इसके तहत जमाकर्ताओं से आवेदन लिए गए, बावजूद भुगतान कराने में जिम्मेदारों की कोई दिलचस्पी नहीं दिख रही।
अपनी जमा पूंजी का एक-एक पाई लेकर ही रहेंगे। धरने में हरिश्चंद्र पांडेय, राजेश्वर त्रिपाठी, देवनाथ सिंह, नंदलाल सिंह, रामबचन प्रजापति, रामसूरत, कलावती, अनीता, अमरावती, गीता, उर्मिला देवी, कौशिल्या आदि मौजूद रहे।