सोनभद्र। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के आह्वान पर मंगलवार को जिले के सभी निजी विद्यालय बंद रहे। स्कूल प्रबंधक, प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने बांह पर काली पट्टी बांधी। आजमगढ़ में छात्रा की मौत के मामले में बिना जांच के प्रधानाचार्य व कक्षाध्यापक की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। आजमगढ़ पुलिस की कार्रवाई को एकपक्षीय बताते हुए मुख्यमंत्री से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. गोपाल सिंह ने कहा कि स्कूल परिसर में छात्रा की मौत दुखद है। सभी की संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं, मगर इस मामले में स्कूल के प्रधानाचार्य और कक्षाध्यापक की गिरफ्तारी सही नहीं है। छात्रा के बैग में तलाशी के दौरान मोबाइल मिला था। इसी को लेकर प्रधानाचार्य और कक्षाध्यापक ने उसे डांट लगाई थी। इसके बाद छात्रा ने जान दे दी।
महामंत्री राजेंद्र कुमार जैन ने कहा कि घटना के सत्यता की जांच की जाए और अगर संबंधित व्यक्ति दोषी है तो कार्रवाई की जाय। आर्यंस एकेडमी के विनोद जालान ने कहा कि विद्यालयों के लिए एक विधिवत गाइडलाइन जारी कर उनके अधिकारों और सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए। सनबीम स्कूल के संदीप चौरसिया ने कहा कि हर बात में विद्यालय को दोषी बना दिया जाए यह स्वीकार नहीं है। मामले में शीघ्र न्यायोचित निर्णय लेने की जरूरत है। श्री एकेडमी के अनिल कुमार पांडेय व अजय कुमार पांडेय ने कहा कि प्रधानाचार्य व कक्षाध्यापक की रिहाई न हुई तो आंदोलन को उग्र होगा। प्रदर्शन में एमवीएम के रमाशंकर दुबे, जयपुरिया स्कूल के रमेश दुबे, संगीता श्रीवास्तव, अंजली विक्रम सिंह, नितिश श्रीवास्तव, आनंद सिंह, अक्षय राज मिश्रा, अरविंद द्विवेदी, अभिनेष त्रिपाठी, कमल किशोर आदि शामिल रहे।
माध्यमिक शिक्षक महासभा और राजकीय शिक्षक संघ ने सौंपा ज्ञापन
सोनभद्र। आजमगढ़ की घटना के विरोध में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के आंदोलन को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक महासभा और राजकीय शिक्षक संघ ने भी समर्थन किया है। माध्यमिक शिक्षक महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष उमाकांत मिश्र के आह्वान पर माध्यमिक विद्यालय व इंटर काॅलेजों के शिक्षकों ने भी काली पट्टी बांधकर विरोध किया। शिक्षक महासभा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष उमाकांत शुक्ल व प्रबंधक महासभा के जिलाध्यक्ष सुशील चौबे, राजकीय शिक्षक संघ मूल संघ के जिलाध्यक्ष राजन चतुर्वेदी के नेतृत्व में डीआईओएस के नामित प्रतिनिधि डीपी सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर नंदलाल शुक्ल, डाॅ सुधीर मिश्रा, डाॅ प्रसन्न पटेल, संगीता श्रीवास्तव, रामप्रकाश पांडेय, जयंत प्रसाद, शेषनाथ तिवारी, गिरिजेश चौबे, शिवम आदि मौजूद रहे।