सोनभद्र। प्राइवेट बस ऑपरेटर एसोसिएशन से जुड़े बस ऑपरेटरों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में बिना परमिट का बस चलाने का आरोप लगाते हुए इस पर अंकुश लगाने की मांग की। डीएम को संबोधित ज्ञापन कार्यालय में सौंपा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष नंदकिशोर जयसवाल ने बताया कि कुछ बस मालिक ग्रामीण सड़क ओबरा तहसील से मुर्धवा वाया तेलगुड़वा, कोन, विंढमगंज, कचनरवा, दुद्धी कटौली, मझौली पर अवैध तरीके से बसों का संचालन कर रहे हैं। इस मार्ग पर परमिट वाली 65 बसों का संचालन रोटेशन के आधार पर किया जाता है। अवैध संचालन से रोटेशन में चलने वाली बसों को प्रतिदिन नंबर नहीं मिलता। बस एक दिन चलती है तो दूसरे दिन खड़ी रहती है, जबकि बाहर के बस मालिक बगैर परमिट के इन क्षेत्रों में बसों का संचालन कराकर स्थानीय बस ऑपरेटरों को परेशान कर रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में संरक्षक सुरेंद्र जायसवाल, अशोक यादव, चंद्र मोहन, कुंदन कुमार, कुश कुमार, राजेंंद्र, मदन, चितरंजन, नरेश आदि रहे।