चतरा ब्लॉक के करमांव में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड का निरीक्षण करते पीडब्लूडी के
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। विंध्य क्षेत्र के सोनभद्र और मिर्जापुर में 23 ग्राम पाइप लाइन पेयजल परियोजनाओं की आधारशिला रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रखेंगे। प्रधानमंत्री वर्चुअल आधारशिला रखेंगे तो मुख्यमंत्री सोनभद्र के चतरा ब्लॉक स्थित करमांव गांव में धंधरौल बांध की जमीन पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। मंच से लेकर पंडाल तक लगा दिए गए हैं। शनिवार को जिले के प्रभारी मंत्री सतीश द्विवेदी और जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने अफसरों के साथ कार्यक्रम स्थल करमांव गांव में जाकर तैयारियों का जायजा लिया।
सोनभद्र में 3212.18 करोड़ रुपये से 14 पेयजल परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी, जबकि मिर्जापुर में 2344.82 करोड़ रुपये से नौ पेयजल परियोजनाओं के कार्य शुरू होंगे। इसमें सोनभद्र में प्रस्तावित कार्य पूरे होने पर 1389 गांवों की साढ़े 19 लाख से अधिक लोगों को पेयजल मिलेगा। राबर्ट्सगंज तहसील में सर्वाधिक पांच पाइप लाइन पेयजल परियोजनाओं के कार्य प्रस्तावित हैं। राबर्ट्सगंज तहसील के हर्रा ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना के लिए सोन नदी से पानी लेकर शुद्ध करने के बाद जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। इससे 44 गांवों के लोग लाभान्वित होंगे। बेलाही योजना धंधरौल बांध के पानी से संचालित होगी और इससे 233 गांव के लोग लाभान्वित होंगे। पटवध योजना के लिए सोन नदी से पानी लिया जाएगा। इससे 661 गांवों के लोग लाभान्वित होंगे। तेंदुआही योजना नगवां बांध से पानी लेकर संचालित की जाएगी और इससे 88 गांवों के लोग लाभान्वित होंगे। नगवां योजना के लिए नगवां बांध से पानी लिया जाएगा और इससे 46 गांव लाभान्वित होंगे। ओबरा तहसील में केवथा ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना के लिए रिहंद बांध से पानी लिया जाएगा। इससे 13 गांव लाभान्वित होंगे। गुरमुरा योजना के लिए ओबरा बांध से पानी लिया जाएगा और नौ गांवों के लोगों को जलापूर्ति की जाएगी। पनारी योजना के लिए ओबरा बांध से पानी लेकर छह गांवों में जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। घोरावल तहसील के कदरा योजना से छह और नेवारी से 12 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। दुद्धी तहसील के परासी ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना के लिए रिहंद बांध से पानी लिया जाएगा। इससे 37 गांव लाभान्वित होंगे। अमवार योजना के लिए कनहर बांध से पानी लेकर 65 गांवों में जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। बीजपुर योजना के लिए भी रिहंद बांध पानी लिया जाएगा।इससे तीन गांवों के लोग लाभान्वित होंगे। झीलो ग्राम समूह पाइप पेयजल योजना के लिए भी रिहंद बांध से पानी लिया जाएगा। इससे 166 गांव लाभान्वित होंगे। इन पेयजल परियोजनाओं से 19 लाख 53 हजार 458 लोगों को लाभ मिलेगा।