रॉबर्ट्सगंज में हरी सब्जी की सजी दुकान। संवाद
सोनभद्र। भीषण गर्मी के बीच हरी सब्जियों के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इससे आम उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सब्जी कारोबारी किशन सोनकर और रामदास ने बताया कि पहले जहां परवल 60 रुपये किलो बिक रहा था, वहीं अब इसकी कीमत बढ़कर 80 रुपये प्रति किलो पहुंच गई है।
गोभी 40-50 रुपये, पत्ता गोभी 40 रुपये, प्याज 25-30 रुपये और लौकी 20-30 रुपये प्रति किलो बिक रही है। उन्होंने बताया कि बैंगन 40 से 60 रुपये, बोड़ा 50 से 60 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। हालांकि कुछ सब्जियों के दाम में थोड़ी राहत भी देखने को मिली है। करेला पहले 60 रुपये किलो बिक रहा था जो अब 40 रुपये हो गया है। नेनुआ 30 रुपये से घटकर 20 रुपये किलो बिक रहा है।
खीरा 20 से 30 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। मसालों और अन्य सब्जियों की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अदरक 120 से 140 रुपये प्रति किलो और टमाटर 30 से 40 रुपये किलो बिक रहा है। वहीं मशरूम भी फुटकर बाजार में 40 से 60 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा रहा है। गर्म हवाओं और वहीं मंडियों में आवक कम होने से कीमतों में लगातार उछाल देखा जा रहा है। संवाद