सोनभद्र। डीएम चंद्र विजय सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट मोड़ पर बजरंगबली आजीविका महिला स्वयं सहायता समूह से संचालित सोन प्रेरणा कैंटीन एवं बाजार का उद्घाटन किया। डीएम ने कहा कि इसे मॉडल दुकान के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां समूह की ओर से बनाए गए सभी उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। साथ ही समूहों की गतिविधियों को भी आप आसानी से एक जगह देखा जा सकेगा।
डीएम ने कहा कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की आजीविका को बढ़ाने और उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों की बिक्री के लिए सार्वजनिक स्थानों, विभागीय प्रांगण, ब्लॉक कैंपस, सीएचसी-पीएचसी आदि जगहों पर दुकाने खुलवाएं, जिससे महिलाओं की बनाई गई सामग्रियों को आसानी से बाजार उपलब्ध हो सकेगा। समूह की महिलाओं बनाई गई 11 वस्तुओं को डीएम ने देखा। इसके संबंध में डीसी एनआरएलएम एके जौहरी से जानकारी प्राप्त कर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि आगामी माह में जनपद के अन्य सार्वजनिक स्थानों सीएचसी एवं पीएचसी केंद्रों पर प्रेरणा कैंटीन एवं बाजार की स्थापना की जाएगी। प्रत्येक विकास खंड में जल्द से जल्द इसे खोलने का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर सीडीओ सौरभ गंगवार, एनआरएलएम के जिला प्रबंधक एमजी रवि, इम्तियाज आलम, सत्येंद्र गौतम आदि मौजूद रहे।
-
कैदियों को बनाया जाएगा हुनरमंद
सोनभद्र। डीएम चंद्र विजय सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में उप्र कौशल विकास मिशन विभाग व कारागार कौशल विकास कमेटी की बैठक ली। जिला कारागार में बंद कैदियों को कौशल विकास प्रशिक्षण कराने पर चर्चा की गई। बैठक में कमेटी की ओर से कैदियों को प्रशिक्षण प्रदाता के माध्यम से कटिंग टेलरिंग, आईटी, एलईडी रिपेयर एवं हाउस कंस्ट्रक्शन वायरिंग एवं अन्य सेक्टर के अंतर्गत ऐसे जॉब रोल में प्रशिक्षण देने का सुझाव दिया गया, जिससे प्रशिक्षण लेकर अपने हुनर को बढ़ाते हुए अपने जीवन में बदलाव ला सकें और जब वह रिहा होकर बाहर आए तब वह समाज की मुख्य धारा से जुड़ सकें। पहले चरण में जिला कारागार में बंद 123 पुरुष एवं महिला कैदियों को चयनित करने का लक्ष्य रखा गया। बैठक में कारागार कौशल विकास कमेटी के अध्यक्ष अन्य अधिकारी मौजूद रहे।