कलेक्ट्रेट सभागार में चुनाव की तैयारी की समीक्षा करते डीएम अभिषेक सिंह।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर डीएम अभिषेक सिंह, एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने चुनाव से जुड़े प्रभारी अधिकारियों, सहायक प्रभारी अधिकारियों की बैठक ली। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सिंह ने कहा कि ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत सदस्य के चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए साफ-सुथरी व्यवस्था अपनाई जाए।
डीएम ने सेक्टर व जोन की स्थिति संवेदनशील, अति संवेदनशील व संवेदनशील प्लस, विभिन्न विभागों से अधिकारियों, कर्मचारियों का डाटा प्राप्त करके आयोग की वेबसाइट पर फीड कराने का निर्देश दिया। डीएम ने मतदान पार्टी के गठन, 120 प्रतिशत कार्मिकों की व्यवस्था पर चर्चा की। डीएम और एसपी ने कहा कि एसडीएम व सीओ अभी से चुनावी तैयारियों के कार्योें में तेजी लाएं ताकि आगामी दिनों में होने वाले पंचायत चुनावों को निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके। चुनाव के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्रों में संदेश प्रसारित कराए जाएं। आपराधिक इतिहास के अवांछनीय तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। पाबंदी की कार्रवाई व गुंडा एक्ट और जिला बदर की भी कार्रवाई संभावित चुनाव से पहले पूरी तत्परता व ईमानदारी के साथ पूरी कर ली जाए। जहां कहीं भी शांति भंग की आशंका हो, वहां पर सतर्क दृष्टि ाखें। इस दौरान सीडीओ डॉ. अमित पाल शर्मा, एडीएम योगेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी राजीव कुमार सिंह, एसडीएम घोरावल जैनेंद्र सिंह, डीडीओ रामबाबू त्रिपाठी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह आदि मौजूद रहे।