सोनभद्र। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की योजना बनाने के लिए प्रधान और बीडीसी सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में उन्हें बताया जाएगा कि किस तरह से योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाए। केंद्र और प्रदेश सरकार जिले के 629 ग्राम पंचायतों को भी शहरों की तरह मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में सभी ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को विकास का पाठ पढ़ाया जाएगा। प्रशिक्षण से लैस ग्राम प्रधानों और बीडीसी को गांवों के विकास पर फोकस करना होगा। राबर्ट्सगंज, करमा, घोरावल, चतरा, नगवां, चोपन, कोन, म्योरपुर, दुद्दी और बभनी विकास खंडों में निर्धारित तिथियों सभी ग्राम प्रधानों और बीडीसी को प्रशिक्षित किया जाएगा। डीपीआरओ विशान सिंह ने बताया कि जिले के सभी 629 ग्राम पंचायतों प्रधानों और बीडीसी को गांवों में विकास कार्य कराने का तरीका सिखाने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रधानों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है। प्रधानों और बीडीसी को प्रोजेक्टर व लैपटाप से प्रशिक्षण दिया जाएगा।