सोनभद्र। जिले के अलग-अलग ब्लॉकों के परिषदीय विद्यालयों में पिछले तीन वर्षों में निलंबित शिक्षकों की सूची शासन ने तलब की है। इसमें शिक्षकों के निलंबन, आरोप पत्र देने, जांच अधिकारी की रिपोर्ट, इसके बाद उनकी बहाली की तिथि और आवंटित विद्यालयों की सूचना मांगी गई है। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव प्रताप सिंह बघेल ने जिले में पिछले तीन साल में निलंबित हुए शिक्षकों, वर्तमान स्थिति सहित अन्य बिंदुओं पर सूचना मांगी है। जिले में मौजूदा समय में करीब पांच शिक्षक निलंबित चल रहे हैं। जबकि तीन वर्षों के आंकड़ों की बात करें तो यह संख्या 12 के करीब है। मांगी गई रिपोर्ट में शिक्षक का नाम, निलंबन का कारण, निलंबित करने वाले अधिकारी का नाम, बहाल करने वाले अधिकारी का नाम, निलंबन के समय कार्यरत स्कूल का नाम, बहाली तिथि, बहाली के बाद पदास्थापित स्कूल का नाम, विकास खंड, निलंबन और बहाली वाले स्कूल में छात्र संख्या, शिक्षक संख्या, शिक्षक को क्या दंड दिया गया। इससे के साथ ही कई अन्य सूचनाएं तलब की गई है। इसी के आधार पर शासन की ओर से विभिन्न बिन्दुओं पर जांच होगी। जिला बेसिक शिक्षाधिकारी हरिवंश कुमार ने बताया कि मांगी गई सूचनाएं एकत्र कराई जा रही हैं। जिन्हें जल्द ही शासन को भेज दिया जाएगा।