महुली स्थित साधन सहकारी समिति के सामने खाद की मांग को लेकर प्रदर्शन करते किसान।
- फोटो : SONBHADRA
महुली। सहकारी समिति पर उर्वरक नहीं मिलने से नाराज किसानों ने रविवार को महुली कस्बे में प्रदर्शन कर विरोध जताया और सरकार की नीतियों को जमकर कोसा। सपा युवजन सभा के दुद्धी विधानसभा अध्यक्ष दिनेश कुमार यादव के नेतृत्व में दर्जन भर से अधिक गांवों के किसानों ने महुली सहित क्षेत्र के अन्य सहकारी समितियों पर यूरिया खाद की उपलब्धता नहीं होने पर प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा कि धान के फसल में समय पर यूरिया के छिड़काव नहीं होने के कारण पैदावार अच्छी नहीं हो पाएगी। करीब पखवाड़े भर से सहकारी समितियों पर यूरिया उपलब्ध नहीं होने के कारण किसान इधर उधर भटक रहे हैं। किसानों ने कहा कि प्राइवेट दुकानों पर मिलने वाले खाद निर्धारित मूल्य से डेढ़ व दोगुना कीमत पर मिल रहा है। किसानों ने कहा कि प्राइवेट दुकानों पर बिक्री किया जाने वाला खाद नकली होने से खेतों की उर्वरा शक्ति भी नष्ट हो रही है। वहीं मनमानी रेट वसूली से किसानों की कमर टूट रही है7 किसानों के अच्छे दिन लाने का वादा करने वाली सरकार की नीतियों को कोसते हुए इसे किसान विरोधी बताया और तत्काल समितियों पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। किसानों ने कहा कि चार दिनों के अंदर समितियों पर खाद उपलब्ध नहीं कराया गया तो वे रींवा रांची राजमार्ग पर स्थित दुद्धी विंढमगंज मार्ग जाम करने के लिए बाध्य होंगे इस मौके पर सपा नेता एवं क्षेत्रीय किसान बुंदेल चौबे, विजय यादव, राम प्रसाद यादव, सोमारु राम, प्रेम भुइंया, श्रवण कुमार गुप्ता, गोपी यादव, संजय यादव, प्रदीप खरवार, बिरेंद्र कुमार, धनंजय तिवारी, मुकुंद चंद, सुरेन्द्र बैगा आदि रहे।