दुद्धी। स्थानीय नगर पंचायत सहित आस पास के ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति बेपटरी हो गई है। 33 हजार केवी लाइन में फाल्ट के कारण दो दिन से नगर व आसपास के इलाकों में विद्युत आपूर्ति ठप है। इससे उपभोक्ताओं को रात उमस और गर्मी के बीच गुजारनी पड़ रही है। इससे उनमें असंतोष है।
सोमवार को दोपहर से ठप हुई बिजली मंगलवार को शाम तक बहाल नहीं हो सकी है। बिजली न होने से इनवर्टर आदि भी जवाब दे गए हैं। सोमवार की पूरी रात बिजली नहीं होने से लोग इधर-उधर रात्रि में टहलते घूमते नजर आये।
नगर के दिनेश अग्रहरि, विकास, विवेक, संजय, फतेह मोहम्मद खां, दिनेश चंद्र का कहना है कि बिजली आपूर्ति के दुर्व्यवस्था से लोग तंग आ चुके हैं। आए दिन हल्की आंधी चलने पर भी बिजली ठप हो जाती है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ती है। उपभोक्ताओं का कहना है कि इस उमस भरी गर्मी से महिलाएं और बच्चे हाल बेहाल हो गए हैं। बिजली विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि सोमवार को आंधी के चलते 33 हजार पावर लाइन में फाल्ट हो गया है। फाल्ट कहां है, इसकी तलाश की जा रही है।
विद्युत वितरण निगम के अवर अभियंता आर हरेश ने बताया कि 33 हजार लाइन में फाल्ट आ गया है। पावर लाइन के तारों पर दर्जनों स्थान पर आंधी के चलते पेड़ गिर गए हैं। इससे फाल्ट हो गया है। फाल्ट दूर होते ही विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दिया जाएगा। उधर नगर वासियों ने चेतावनी दिया है कि अगर विद्युत आपूर्ति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। उप जिलाधिकारी सुशील कुमार यादव ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित है। इसके लिए पावर कारपोरेशन के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।