ब्लॉक क्षेत्र के बड़होर गांव में कंपोजिट विद्यालय के सामने लगा 16 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर करीब 40 दिनों से खराब पड़ा है। इसके चलते गांव की विद्युत आपूर्ति बाधित है। समस्या का समाधान नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को बिजली निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफाॅर्मर खराब होने के बाद कई बार टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन शिकायतों का कागजों पर ही निस्तारण कर दिया गया। करीब आठ दिन पहले निगम की ओर से एक खराब ट्रांसफाॅर्मर लाकर लगा दिया गया। इससे विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इसके बाद भी ग्रामीणों ने निगम से शिकायत की, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा।
सलाहुद्दीन, इनुल्लाह, इबरार अहमद, मोहम्मद सफीक, फारुक जमाल, महबूब अली, मोबिन, हासिम, मोहम्मद फईम, शेर आलम, जाकिर अली, जुलेखा, मोहम्मद शाबीर, शैयरुनिशा, आयशा बेगम, सितारा, खुशबुनिशा ने बताया कि कि ट्रांसफाॅर्मर से 200 से 300 मीटर तक तारों के सहारे लाइन चल रही है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से बरसात के मौसम में जहरीले सांप-बिच्छू समेत अन्य जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ गया है। वहीं, बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
मामला संज्ञान में है। जल्द ही ट्रांसफाॅर्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। - शिवम गुप्ता, एसडीओ बिजली निगम।