इम्पैक्ट के लिए....मरम्मत के बाद वैकल्पिक मार्ग से गुजरते वाहन, संवाद
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के लिए बनाए गए डायवर्जन मार्ग पर गड्ढों की समस्या दूर हो गई है। अमर उजाला में 21 अगस्त को समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन ने इसका संज्ञान लिया और शुक्रवार को वैकल्पिक मार्ग के गड्ढों को भरकर उसे वाहनों के आवागमन के लिए दुरुस्त करा दिया गया। शनिवार से इस मार्ग पर दोबारा आवागमन शुरू हो गया। इससे वाहन चालकों को काफी राहत मिली है। चोपन-चुनार रेलमार्ग पर रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण चल रहा है। निर्माण के चलते वाहनों के आवागमन के लिए पूर्व में हाइडिल मैदान और टीबी कार्यालय होते हुए रेलवे क्रॉसिंग तक वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था। बारिश के कारण इस मार्ग पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए थे, जिनमें पानी भर जाने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई थी। हालत यह थी कि वाहन चालकों के लिए इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो गया था। डायवर्जन मार्ग खराब होने के कारण अधिकांश वाहन सोनभद्र रेलवे स्टेशन के सामने से बीएसएनएल कार्यालय होते हुए करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे एकल मार्ग से गुजर रहे थे। वाहनों का दबाव बढ़ने से इस रास्ते पर भी गड्ढे हो गए थे और आवागमन मुश्किल हो गया था। इस समस्या को लेकर 21 अगस्त के अंक में ‘डेढ़ किमी के डायवर्जन रूट पर 123 गड्ढे, वाहनों के हिचकोले बढ़ा रहे कमर का दर्द’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। खबर का जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संज्ञान लेते हुए आरओबी निर्माण करा रही झांझरिया कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों को बंद पड़े वैकल्पिक मार्ग की मरम्मत कराकर उसे चालू कराने के निर्देश दिए।