राबट्र्सगंज नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड 25 और 13 में हो रहे सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। विगत कई दिनों से लोगों ने इसका विरोध कर रहे हैं और इसकी शिकायत क्षेत्रीय सभासद से भी की लेकिन कोई कार्रवाई न होने से नाराज लोग गुरुवार को सड़क पर उतर आए।
लोगों ने ठेकेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया और कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि अब जब कि बारिश के दिन आ गए हैं ऐसे में सड़क पूरी नहीं बन पाएगी और फिर लोगों को कीचडय़ुक्त सड़क पर ही चलना होगा। उधर चेयरमैन कृष्ण मुरारी गुप्ता का कहना है कि घटिया निर्माण कराने वाले ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आदर्श योजना के तहत लाखों रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कार्य होना है। मोहल्लेवासियों के विरोध करने के बाद भी ठेकेदार धड़ल्ले से सड़क के निर्माण में घटिया मैटेरियल का प्रयोग कर रहा है।
इसकी शिकायत पूर्व में कई बार संबंधित जेई समेत अधिकारियों से की गई, लेकिन किसी ने इस्टीमेट के अनुसार कार्य कराने का निर्देश ठेकेदार को नहीं दिया। मजबूर होकर आंदोलन की राह पकड़नी पड़ रही है।
चेतावनी देते हुए कहा कि शीघ्र मानक के विपरीत कार्य न कराने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बारिश के दिनों में निर्माण कार्य बंद नही कराया गया तो कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और जिला प्रशासन की होगी। उधर नपा चेयरमैन कृष्ण मुरारी गुप्ता का कहना है कि घटिया निर्माण बर्दाश्त नहीं होगा। निर्माण कार्यों की जांच कराकर काम बंद कराया जाएगा और ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन में अधिवक्ता जेबी सिंह, कुणाल सिंह, शिवम, शुभम, जेपी सोनी, मृणाल सिंह, भोलानाथ केशरी, सुनील श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।