सोनभद्र। जिले में शारदीय नवरात्र में 272 स्थानों पर पूजा-पांडाल स्थापित होते रहे हैं लेकिन कोरोना महामारी के चलते अबकी बार नवरात्र में पूजा-पंडालों में प्रतिमाएं नहीं स्थापित की जाएंगी। सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए श्रद्धालु मंदिरों में पूजन-अर्चन करेंगे।
ज्ञात हो, कई सालों से नवरात्र में राबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्वी तहसील क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण इलाकों में 272 जगहों पर पूजा पंडालों में मां दुर्गा समेत अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित कर पूजन-अर्चन किया जाता रहा है। सितंबर माह से ही राबर्ट्सगंज में कई स्थानों पर भव्य पूजा पांडाल बनाने का कार्य शुरू हो जाता था। लेकिन इस वर्ष कहीं भी पांडाल नहीं बन रहे हैं। शासन स्तर से जिला प्रशासन को कोरोना संक्रमण को दृष्टिगत पूजा-पांडाल स्थापित होंगे या नहीं इस संबंध में अभी तक कोई दिशानिर्देश नहीं आया है। इससे संभावना जताई जा रही है कि अबकी बार पूजा-पांडाल स्थापित नहीं होंगे। अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि पूजा-पांडालों में दुर्गा प्रतिमाएं बैठाने के लिए फिलहाल अनुमति नहीं दी जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि शासन स्तर से राजनीतिक, धार्मिक, वैवाहिक कार्यक्रमों में सोशल डिस्टेसिंग का पालन करते हुए सौ-सौ व्यक्तियों को शामिल होने की अनुमति है। कहा कि अभी तक उच्चाधिकारियों की तरफ से पूजा-पांडाल स्थापित किए जाने के संबंध में कोई दिशानिर्देश प्राप्त नहीं हुआ है।
---------------------------
इनसेट
प्रशासन से अनुमति मिलने पर ही बनवाएंगे पांडाल
सोनभद्र। सोनांचल में शारदीय नवरात्र को लेकर पूजा समितियों के अध्यक्षों में ऊहाफोह की स्थिति बनी हुई है। जिला प्रशासन की ओर से अभी कोई गाइडलाइन जारी न होने से पूजा पंडालों की तैयारी अधर में लटकी हुई है। राबर्ट्सगंज मेन मार्केट स्थित आदिशक्ति महोत्सव ट्रस्ट दुर्गा मंदिर में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी नवरात्रि में नौ दिन मंदिर में ही पूजन-अर्चन किया जाएगा। आदिशक्ति महोत्सव ट्रस्ट दुर्गा मंदिर के अध्यक्ष विजय कुमार जैन का कहना है कि जिला प्रशासन द्वारा पूजा पंडाल बनाने की अनुमति मिलेगी तभी पूजा पंडाल बनाया जाएगा । नवरात्रि महोत्सव समिति के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता, ऑटोमोबाइल संघ पूजा पांडाल के अध्यक्ष सरदार भगवान सिंह और आरटीएस क्लब कैमूर महोत्सव पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ .कुसुमाकर श्रीवास्तव का कहना है कि अभी तक पूजा पंडाल बनाने की कोई तैयारी नहीं है। जिला प्रशासन से अनुमति मिलने पर पूजा पंडाल बनवाया जाएगा।