सोनभद्र। नगर की हाइड्रिल कॉलोनी में स्थित सरकारी आवास में अवैध रुप से रह रही महिला को बुधवार को प्रशासन ने फोर्स की मौजूदगी में खाली कराया। इस दौरान महिला ने जमकर हंगामा किया। महिला पुलिसकर्मी उसे हिरासत में ले लेकर थाने ले गई, जिसके बाद उसका सामान बाहर निकलवाया गया। बिजली विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी को कॉलोनी में आवास आवंटित था। वर्ष 2012 में सेवानिवृत्ति के बाद भी उसकी बेटी उसी आवास में अवैध ढंग से रह रही थी। कई बार विभाग की ओर से नोटिस देने के बाद भी आवास खाली नहीं किया गया। बुधवार को विभागीय व प्रशासनिक अफसर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। पहले तो महिला को मान-मनौवल कर आवास खाली करने को कहा, मगर वह राजी नहीं हुई। हंगामा करते हुए आग लगाने की धमकी। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद आवास खाली कराया गया। इंस्पेक्टर क्राइम विद्यासागर ने बताया कि महिला अवैध ढंग से सरकारी आवास में रह रही थी। उसे बाहर कर आवास खाली करा लिया गया है।