लोकसभा में पेश हो रहे वक्फ संशोधन बिल को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट रहा। प्रमुख स्थानों पर फोर्स मुस्तैद रही। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में विशेष निगाह रही। जगह-जगह पुलिस ने पैदल मार्च कर भी लोगों से शांति, सौहार्द बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने का आह्वान किया।
रॉबर्ट्सगंज नगर में मेन चौक, धर्मशाला चौक, बढ़ौली चौराहा पर चौकसी अधिक रही। बिना वर्दी में भी पुलिसकर्मी भ्रमण करते रहे। हालांकि संशोधन बिल को लेकर कोई गतिविधि जिले में नहीं दिखी। उधर, बभनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने पैदल मार्च निकाला। मार्च कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
साथ ही लोगों से कहा कि वह कानून व्यवस्था का पालन करें। प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय ने लोगों से बात कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कही। किसी भी प्रकार की पुलिस की सहायता की जरुरत पड़े तो बेझिझक होकर पुलिस से संपर्क करें।
इस मौके पर थाना प्रभारी सहित एसआई शशिकांत सिंह, शिवमूरत यादव, कांस्टेबल शिवम सिंह, मन्नू सिंह आदि मौजूद रहे।