नगर के शिवा पार्क इलाके से बृहस्पतिवार को कोर्ट के आदेश पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद नगर का माहौल गरमाने लगा है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष निशा सिंह व एसडीएम शैलेंद्र कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार से मामले की जानकारी ली। इसके पूर्व बृहस्पतिवार की रात अतिक्रमण हटाने वाले स्थल पर पहुंची फोर्स को विरोध का सामना करना पड़ा था। एसडीएम ने कहा कि इस मामले में रिपोर्ट तलब की गई है। अगर गलत व्यक्ति का मकान गिराया गया है तो इस मामले में कार्रवाई होगी।
पीड़ित परिवार के रामधनी यादव ने बताया कि उनका परिवार बीते 65 वर्षों से नगर में रह रहा है। उनके पिता इंद्राज यादव जौनपुर से आए थे और तभी से यहां झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं। उसने बताया कि उसके भाई बाबूलाल यादव, सुभाष यादव, दिनेश यादव व रमेश यादव भी यहीं रहते हैं और सभी का हिस्सा इस जमीन में है। प्रशासन के लोगों से घर न गिराने की गुजारिश की गई, मगर एक बार भी किसी ने नहीं सुनी। उधर, बृहस्पतिवार की आधी रात को एक बार फिर संबंधित स्थल पर विवाद उत्पन्न हो गया। थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पहुंची फोर्स क्रेन के माध्यम से जब जेसीबी को हटावने का प्रयास करने लगी तो बड़ी संख्या में पहुंचे लोग विरोध करने लगे। मामला गंभीर होते देख प्रशासन के लोग चले गए। अतिक्रमण हटाने पहुंची जेसीबी के टायर की हवा भी आक्रोशित भीड़ ने निकाल दिया था, जिसके बाद जेसीबी वहीं खड़ी रही। रात्रि में पहुंचे भाजपा सभासद राज वर्मा ने कहा कि प्रशासन और निजी संस्थान की मिलीभगत से गलत व्यक्ति पर कार्रवाई कर दी गई। समाजसेवी मोनू जायसवाल ने कहा कि छह माह पूर्व के फैसले के विरोध में संबंधित लोगों ने सक्षम कोर्ट में अपील भी कर दी है, बावजूद प्रशासन किसके प्रभाव में आकर इस कार्रवाई को करने पर तुला था और उसने एक गलत व्यक्ति का घर गिरा दिया। उन्होंने मामले की जांच कर संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।