सोनभद्र। कोलकाता में एयरपोर्ट से पकड़े गए कफ तस्कर गिरोह के मास्टर माइंड भोला को सोनभद्र सहित 11 जिलों की पुलिस और यूपी एटीएस तलाश रही थी।
महज 10 जनपदों में उसकी फर्म शैली ट्रेडर्स के जरिये 100 करोड़ (सोनभद्र में 25 करोड़) से ज्यादा का फर्जी लेन-देन किया गया। वहीं, पूरे प्रदेश में 100 से ज्यादा फर्म ऐसी पाई गईं, जिनके जरिये फर्जी आपूर्ति दर्शाकर करोड़ों का कफ सिरप बांग्लादेश, नेपाल सहित अन्य देशों में भेज दिया गया।
सोनभद्र, झारखंड के रांची और गाजियाबाद में बड़ी मात्रा में कफ सिरप की बरामदगी के बाद इसका अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क सामने आया था। गाजियाबाद में कार्रवाई के बाद जो तथ्य सामने आए, उसके आधार पर औषधि नियंत्रण महकमे ने जांच शुरू की तो पता चला कि कफ सिरप तस्करी का सारा खेल झारखंड की राजधानी रांची के पते पर पंजीकृत शैली ट्रेडर्स के नाम पर किया जा रहा है।
यह फर्म तस्करों के मुख्य सरगना शुभम के पिता भोला प्रसाद जायसवाल के नाम पर पंजीकृत पाई गई। वाराणसी को केंद्र बनाकर जांच आगे बढ़ाई गई तो महज पखवाड़े भर के भीतर 100 से अधिक ऐसी फर्जी फर्में पकड़ी गईं जिनके नाम पर बिल जारी कर धड़ल्ले से तस्करी जारी थी।
सोनभद्र, चंदाैली, भदोही, जाैरपुर और वाराणसी समेत पूर्वांचल पांच जिलों में बड़े पैमाने पर कफ सिरप और फर्जी तरीके से कारोबार का खुलासा हो चुका है। इन सभी जिलों में पुलिस लगातार जांच और कार्रवाई कर रही है।