पुलिस के हिरासत में नक्सली बालेश्वर ठाकुर।
- फोटो : SONBHADRA
झारखंड बार्डर स्थित डोमा गांव में रविवार को घेराबंदी कर पुलिस ने फरार चल रहे एक नक्सली को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने दबिश देकर गड़ाव में विस्फोटक पदार्थ रखने के आरोपी नक्सली बालेश्वर ठाकुर को गिरफ्तार किया। बालेश्वर के खिलाफ आर्म्स एक्स, विस्फोटक अधिनियम समेत कई मामलों में मुकदमा दर्ज है।
कोन पुलिस ने रविवार को नक्सली बालेश्वर ठाकुर निवासी राजी थाना खरौंधी (भवनाथपुर) गढ़वा झारखंड को दबिश देकर गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक रमेश यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मामलों में मुकदमा दर्ज है। आरोपी नक्सली काफी दिनों से फरार चल रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने रविवार को झारखंड बार्डर डोमा में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ क्षेत्र के गड़ाव में विस्फोटक पदार्थ रखने व आर्म्स एक्ट के तहत कोन थाने में मुकदमा दर्ज है। उसका आपराधिक इतिहास झारखंड पुलिस के सहयोग से खंगाला जा रहा है। आरोपी नक्सली अनिल ठाकुर का भाई है। नक्सली को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक के साथ उप निरीक्षक उदयभान राव, कांस्टेबल दयाशंकर आदि शामिल रहे।