खलियारी। नक्सल प्रभावित नगवां ब्लॉक के खलियारी गांव में डायरिया पांव पसार रहा है। शुक्रवार की रात डायरिया की चपेट में आने से 70 वर्षीय पन्ना देवी की मौत हो गई। अब तक मरीजों की संख्या 11 पहुंच गई है। शनिवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने गांव में पहुंच कर लोगों की जांच की।
नगवां ब्लॉक के खलियारी गांव में की मुसहर टोला निवासी 70 वर्षीय पन्ना देवी की शुक्रवार को डायरिया से मौत हो गई। उसके पुत्र राममूरत ने बताया कि उसकी मां चार दिन से डायरिया की शिकार थी। घरेलू उपचार के बाद भी आराम न होने पर सीएचसी वैनी ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शुक्रवार को जिला अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। लेकिन रात में घर पर उनकी मौत हो गई। डायरिया से परिवार के चार बच्चे भी पीड़ित हैं। 80 वर्षीय मनीका देवी का उपचार सीएचसी वैनी नगवां में चल रहा है। शनिवार को गांव की ही ऊषा देवी (38) को भी डायरिया के कारण भर्ती कराया गया। वहीं मतराजी देवी (53) की हालत गंभीर देख अनयंत्र रेफर कर दिया गया। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खलियारी गांव के हरिजन बस्ती और मुसहर टोला सहित अन्य इलाकों में सीएचसी नगवां अधीक्षक डॉ. एसके वर्मा के नेतृत्व में ब्लीचिंग पाउडर, ओआरएस पाउडर और जरूरी दवाओं का वितरण किया। स्वास्थ्य टीम में मनोज कुमार फार्मासिस्ट, एएनएम सरस्वती देवी, सीएचओ सुनीता यादव, आशा सगीनी बिन्दु देवी, सुनीता देवी मौजूद रहीं।
डायरिया की चपेट में आने से पांच बीमार
घोरावल। जिले में डायरिया ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार दोपहर बाद डायरिया से पीड़ित चार लोगों को भर्ती कराया गया। भर्ती होने वालों में नौगवा नंदलाल गांव निवासी विनोद कुमार (37), कनेटी गांव निवासी विक्रम (13) पुत्र अन्नू, कनेटी गांव के ही घृत कुमार के दो बच्चों पुष्पा (17) तथा अनूप (12) को भर्ती कराया गया है। उनके दादा सीताराम ने बताया कि तीसरे बच्चे अंगद (15) को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मुन्नाप्रसाद ने बताया कि डायरिया पीड़ितों की हालत ठीक है। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।