अनपरा। कोरोना महामारी से देश के लोग स्वस्थ व सुरक्षित रहें, इसके लिए उर्जान्चल पुलिस दिन रात मेहनत कर रही है। लोग घर में रहें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, इसके लिए पुलिस से पूरा प्रयास कर रही है। रविवार की साय अनपरा कोतवाल विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फ्लैग मार्च कर लोगों को लाकडाउन का पालन करने व सोशल डिस्टेंस को बरकरार रखने की हिदायत दी। इस दौरान औड़ी मोड़, काशी मोड़, बीना रोड पर फ्लैग मार्च निकाला गया।
इसी क्रम में बीजपुर पुलिस ने सोमवार को प्रभारी निरीक्षक श्याम बहादुर यादव के नेतृत्व में गांवों मुहल्लों में फ्लैग मार्च कर लोगों को जागरूक किया। क्षेत्र के शांति नगर, महुवाबारी, आदि मुहल्लों में भ्रमण के दौरान उन्होंने लोगों को लॉकडाउन के दौरान घरों से ना निकलने की नसीहत देते हुए कहा कि घर मे रहकर ही कोरोना को हराया जा सकता है अत: घर से कम से कम निकलें, बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलें और अगर जरूरी कार्य से घर से निकलना ही है तो मास्क लगाकर ही घर से निकलें। इस अवसर पर रेनुसागर चौकी प्रभारी कुमार संतोष, बीजपुर उपनिरीक्षक जय प्रकाश श्रीवास्तव, चंद्र शेखर सिंह आरक्षी सुधाकर यादव, मनीष राय, रोहित सहित दर्जनों पुलिस के जवान सम्मिलित रहे।