Sonbhadra News: सोनभद्र पुलिस आगामी त्योहारों को लेकर अलर्ट पर है। शनिवार को पुलिस कर्मियों ने दंगा नियंत्रण का अभ्यास किया। ड्रिल का उद्देश्य दंगा नियंत्रण तैयारियों की जांच, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण और पुलिस बल को आधुनिक उपकरणों व रणनीतियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना था।
आगामी होली पर्व और रमजान माह के मद्देनजर सोनभद्र जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पुलिस लाइन चुर्क स्थित परेड ग्राउंड में व्यापक दंगा नियंत्रण (बलवा) ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें पुलिसकर्मियों को विभिन्न परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास कराया गया।
विज्ञापन
एसपी अभिषेक वर्मा और एएसपी अनिल कुमार की देखरेख में हुए ड्रिल का उद्देश्य दंगा नियंत्रण तैयारियों की जांच, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण और पुलिस बल को आधुनिक उपकरणों व रणनीतियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना था। अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को एंटी-रायट गन, रबर बुलेट, अश्रु गैस गोले, ग्रेनेड, लाठी-डंडा, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, कैन शील्ड, हैंड गार्ड और लेग गार्ड सहित दंगा निरोधी उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी गई। कम समय में पूर्ण सुरक्षा किट पहनकर भीड़ नियंत्रण की कार्रवाई का सजीव प्रदर्शन कराया गया।
बलवा ड्रिल में विभिन्न विशेष टीमों का गठन कर उनकी भूमिकाओं का अभ्यास कराया गया। ड्रोन सर्विलांस टीम को निगरानी और रियल-टाइम सूचना देने, फ्रंटलाइन टीम को भीड़ नियंत्रण, अश्रु गैस व ग्रेनेड टीम को उपद्रवियों को तितर-बितर करने और पानी टैंक टीम को आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई के लिए तैयार रहने की जिम्मेदारी दी गई।
विज्ञापन
इसके अलावा पकड़-धकड़ टीम को उपद्रवियों की पहचान और गिरफ्तारी, बैकअप टीम को आपात सहायता, मेडिकल टीम को प्राथमिक उपचार, संचार टीम को समन्वय और यातायात टीम को जाम रोकने का अभ्यास कराया गया। ड्रिल में जिले के सभी सीओ, थाना प्रभारी आदि मौजूद रहे।