शनिवार को अनपरा परियोजना गेट पर 14 मांगों को लेकर प्रदर्शन करते विद्युत कर्मचारी।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने दीवाली से पहले बोनस, वेतन अपग्रेड करने सहित 14 सूत्री मांगों को लेकर शुक्रवार की देर शाम अनपरा परियोजना गेट पर प्रदर्शन किया। मसले को लेकर जल्द ही मशाल जुलूस निकालने, इसके बाद भी मांगें न माने जाने पर बेमियादी हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी।
अध्यक्षता कर रहे सुशील कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि टेक्नीशियन ग्रेड दो का प्राथमिक वेतमान 42 सौ करने और 6600 पे गेड वालों का वेतनमान 10650 करने की मांग लंबे समय से की जा रही है लेकिन उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा है। संचालन कर रहे सच्चिदानंद सिंह ने संविदा श्रमिकों का भुगतान चेक से करने और बोनस का भुगतान दीवाली से पहले करने की मांग की।
मुख्य वक्ता एवं हाइड्रो इंप्लाइज यूनियन के प्रदेश महामंत्री विशंभर सिंह ने कार्यस्थल पर हादसा होने पर तत्काल पांच लाख का मुआवजा देने, लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज के साथ ही डेढ़ सौ विद्युत कर्मियों पर लादे गए मुकदमों को बिना शर्त वापस लेने की मांग उठाई। बताया कि जल्द ही मसले को लेकर मशाल जुलूस निकाला जाएगा। एचएमएस के विवेक कुमार सिंह, विद्युत मजदूर संगठन के सुधीर कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।