सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के बहेरवा गांव के समीप मंगलवार की देर रात बेकाबू हाईवा की चपेट में आने से पिकअप चालक और खलासी की मौत हाे गई। दोनों पिकअप को सड़क किनारे खड़ा कर उसका पहिया ठीक कर रहे थे। इसी दौरान हाईवा ने उन्हें चपेट में ले लिया। घटना के बाद हाईवा मौके पर छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
झारखंड के गढ़वा जिले हुरमधया निवासी गोल्डेन (28) पिकअप चलाता था। सोमवार को वह खलासी गढ़वा के ही बेलचंपा निवासी दिनेश चौधरी (19) के साथ पिकअप पर दोपहिया वाहन का पार्ट्स लेकर वाराणसी से गढ़वा जा रहा था। वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर बहेरवा गांव के पास पिकअप का टायर फट गया। सड़क किनारे पिकअप खड़ा कर दोनों उसे ठीक करने में जुट गए। इसके लिए सड़क की तरफ घेराबंदी भी की गई थी। देर रात राबर्ट्सगंज की ओर से जा रहे तेज रफ्तार हाईवा ने पिकअप में टक्कर मार दी। पिकअप पलटने से टायर बदलने में लगे चालक-खलासी उसके नीचे दब गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को सीधा कराकर दोनों शवों को कब्जे में लिया। सूचना उनके घरवालों को दी गई। कोतवाली पहुंचे परिजनों ने बताया कि गोल्डेन की साढ़े तीन वर्ष पहले शादी हुई थी। उसे दो बच्चे हैं। घटना के बाद परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाल मनोज सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। अज्ञात हाईवा चालक पर केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।