सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहेरवा (बहुअरा) गांव के समीप वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर मंगलवार को पिकअप पलटने से उसमें सवार एक मजदूर की मौत हो गई और 13 घायल हो गए। पिकअप मजदूरों को लेकर मिर्जापुर जिले के चुनार क्षेत्र में स्थित कंदवा गांव से आ रही थी और कोन थाना क्षेत्र के रोरवा गांव जाना था। घटना का कारण पिकअप की तेज रफ्तार और टायर का फटना है। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
कोन थाना क्षेत्र के रोरवा गांव के कुछ श्रमिक गेहूं की कटाई के लिए चुनार कोतवाली क्षेत्र के कंदवा गांव में गए थे। मंगलवार की सुबह दस बजे के आस-पास चुनार से श्रमिक अपने घर पिकअप से जा रहे थे। अभी पिकअप बहुअरा गांव के पास पहुंची थी कि उसका टायर फट गया और वह सड़क के किनारे पलट गई। दुर्घटना में पिकअप सवार कुल 14 श्रमिक घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। अस्पताल में इलाज के दौरान रामस्वरूप (40) पुत्र सोमनाथ निवासी रोरवा की मौत हो गई। घायल जय प्रकाश (48), इंद्रावती (45), राजवंती(47), सोनी(18), पूजा(17), विंध्याचल (24), सविता कुमारी(20), छोटेलाल (22), शकुंतला(11) पुत्री जय कुमार, आरती (15) पुत्री रामस्वरूप, राधिका (19) पुत्री उमेश, बिलवंती (19) पुत्री शत्रु, सुनील(40) सभी निवासी रोरवा का इलाज किया गया। पुलिस के मुताबिक मृतक मजदूर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।