बभनी के सतबहनी गांव में स्थलीय भौतिक सत्यापन करते डीएम टीके शिबू व एसडीएम।
- फोटो : SONBHADRA
जिलाधिकारी टीके शिबू ने शुक्रवार को विकास खंड बभनी के सतबहनी गांव में पहुंच कर प्रांत सह संगठन मंत्री आनंद की अध्यक्षता में वन समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों के साथ बैठक कर वनाधिकार कानून के विषय पर चर्चा की। साथ ही वनाधिकार का स्थलीय भौतिक सत्यापन भी किया। वनाधिकार कानून के तहत अनुसूचित जाति जनजाति तथा अन्य परंपरागत वन निवासियों के दावों के निस्तारण के लिए लंबित सम्बंधित दावों के भौतिक सत्यापन के लिए जिलाधिकारी के साथ एसडीएम रमेश कुमार सतबहनी गांव पहुंचे। वहां वनाधिकार समिति के अध्यक्ष तथा सदस्यों के साथ बैठक कर नियमों के बारे में समझाया। डीएम ने कहा कि भौतिक सत्यापन का कार्य सतबहनी गांव से शुरू किया जा रहा है। इस कार्य में वन विभाग, राजस्व विभाग तथा वन समिति की टीम लगाई गई है। उन्होंने कहा कि कोई भी दावेदार किसी भी कर्मचारी पर कोई दबाव नहीं बनायेगा और नहीं गलत तरीके से दावा पेश करेगा। यदि कोई गलत तरीके से दावा करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई किया जाएगा। एसडीएम ने भौतिक सत्यापन में लगे राजस्व कर्मियों को पूरी निष्ठा व ईमानदारी से कार्य करने की हिदायत दी। सतबहनी गांव से वनाधिकार की 147 फाईलें दावा के लिए पेश की गई हैं।इसमें 600 बीघा जमीन का मामला है जो किसानों के कब्जे में है। जिस पर जोत कोड हो रहा है। इस मौके पर जिला समाजकल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव, बीडीओ रविकुमार, एडीओ पंचायत काशीराम ठाकुर, रामदर्शन यादव, वन दरोगा ठेगूराम यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य देवनारायण सिंह खरवार, बाबूलाल गोंड, हरिकिशुन, लेखपाल बिमलेश कुमार, अशोक कुमार गुप्ता, प्रधान त्रिवेणी प्रसाद आदि रहे।