सोनभद्र। डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने आम आदमी की तरह मास्क लगाकर लखनऊ के जिस चिनहट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया था, उस मामले में जिले में तैनात एक फार्मासिस्ट की तरफ से आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद मामला गरमा उठा है। सोशल मीडिया पर इसको लेकर जताई जा रही नाराजगी के बाद सीएमओ ने विभागीय जांच बैठा दी है। एसीएमओ डॉ. प्रेमनाथ को जांच कर अविलंब रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
बताते हैं कि एक मीडिया साइट पर चिनहट में डिप्टी सीएमओ के निरीक्षण की रिपोर्ट वायरल हो रही थी। आरोप है कि नगरीय स्वास्थ्य केंद्र में तैनात फार्मासिस्ट मनोज ने अपमान जनक शब्द का इस्तेमाल करते हुए डिप्टी सीएमओ के निरीक्षण पर सवाल उठा दिए। बुधवार को जब यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल होने लगी तो तरह-तरह के सवाल उठने शुरू हो गए। सीएमओ डाॅ. पंकज कुमार राय ने बताया कि प्रकरण जैसे ही संज्ञान में आया मामले में जांच बैठा दी गई। एसीएमओ डॉ.प्रेमनाथ को प्रकरण की जांच कर अविलंब रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट में जो स्थिति सामने आएगी उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।