राबर्ट्सगंज नगर पालिका के वार्ड 13 की गली में जमा बारिश का पानी।
- फोटो : sonbhadra
पश्चिमी विक्षोभ्ा के कारण जिले में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। गुरुवार की दोपहर में जनपद के काफी हिस्सों में बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी और उसम से काफी राहत मिली। इस वर्षा से खासकर दलहन और तिलहन की खेती की शुरूआत हो सकती है। हालांकि धान की खेती के लिए यह बारिश मुफीद नहीं है। अभी दो-तीन बार ऐसी ही बारिश की जरूरत नर्सरी डालने के लिए है। उधर बारिश से राबर्ट्सगंज नगर में जलजमाव की समस्या शुरू हो गई। हल्की बारिश में जलजमाव की समस्या ज्यादा बारिश पर लोगों के लिए परेशानी का सबक बनेगी।
जिले में पिछले दो दिन से बारिश हो रही है। बुधवार की रात हल्की बारिश होने के बाद सुबह से ही मौसम बदला हुआ था। रोज की तरह तेज धूप और भयंकर गर्मी से लोगों को राहत मिली। गुरुवार की दोपहर फिर आसमान में बादल छाने के बाद बारिश जिला मुख्यालय समेत आसपास के इलाकों में हुई। उधर बभनी, म्योरपुर, घोरावल, चोपन आदि क्षेत्रों में भी गुरुवार को बारिश हुई। इस बारिश से राबर्ट्सगंज में कई जगहों पर जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है। इस बारिश में ही नगर की सड़कों पर पैदल चलना मुश्किल हो गया है। नगर के बढ़ौली चौराहा, अंबेडकर नगर वार्ड नंबर 13, नई बस्ती आदि इलाकों में जलजमाव हो गया है। शिवाजी मिनी स्टेडियम के पास की सड़क पूरी तरह से गड्ढायुक्त हो गई है।
गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल और बाइक से चलना खतरे से खाली नहीं है। बढ़ौली चौराहे से राबर्ट्सगंज मेन मार्केट की ओर जाने वाले मार्ग पर भी कुछ जगहों पर जलजमाव हो गया है जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। उधर, यह बारिश किसानों के लिए काफी हद तक लाभप्रद साबित होगी। इससे किसान फसलों की बुआई की तैयारी में जुट गए हैं।